बारिश से कमजोर हुई दीवार ने कानपुर में ली महिला की जान

अब तक दो दर्जन से अधिक लोगों की असमय मौत का कारण बन चुकी बारिश

सुनील बाजपेई
कानपुर। स्मार्ट हलचल|यहां बारिश लोगों की असमय मौत का कारण लगातार बन रही है। वह अब तक जिले में लगभग दो दर्जन से अधिक लोगों की जान लेने में सफल हो चुकी है । इसी क्रम में उसने एक और महिला की भी जान ले ली। उसकी मौत बारिश से कमजोर हुई दीवार के ढह जाने की वजह से हुई।
यह घटना महाराजपुर थानाक्षेत्र के सरसौल क्षेत्र के नवोदय नगर में हुई। यहां बारिश के दौरान कमजोर हो चुकी पक्की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार के पास बकरी के बच्चों को खिला रहीं किसान अशोक कुमार की पत्नी सुलेखा (45) मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।
जिसकी तेज आवाज सुनकर पहुंचे परिजनों और आसपास के लोगों ने मलबा हटाकर उन्हें बाहर निकाला और तत्काल ही सरसौल सीएचसी से स्वरूप नगर के निजी अस्पताल ले गए, जहां उपचार के बाद उनकी मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक सरसौल के नवोदय नगर निवासी अशोक कुमार की पत्नी सुलेखा दोपहर करीब तीन बजे घर के दरवाजे के पास बंधी बकरी के बच्चों को चारा खिला रही थीं। परिजनों के मुताबिक, लगातार बारिश के कारण घर की पक्की लेकिन कमजोर दीवार की हालत खराब हो गई थी। अचानक दीवार सुलेखा के ऊपर जा गिरी और वह मलबे में दब गईं।
इस दौरान आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग दौड़े और मलबा हटाकर उन्हें बाहर निकाला। भतीजे अर्पित और आलोक अन्य परिजन के साथ आनन-फानन में सुलेखा को सरसौल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका और उसने इलाज के दौरान ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद उसके परिवार में कोहराम मचा हुआ।