बलात्कार व पॉक्सो एक्ट के मामले में टॉप-10 वांछित आरोपी को पुलिस ने फिल्मी अंदाज में पकड़ा, टीम ने फाइनेंस कर्मी बनकर बिछाया जाल
जहाजपुर अलकेश पारीक
जहाजपुर। स्मार्ट हलचल|थाना जहाजपुर पुलिस ने वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बलात्कार व पॉक्सो एक्ट के मामले में करीब एक साल से फरार चल रहे टॉप-10 वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पर ₹5 हजार का इनाम घोषित था।पुलिस के मुताबिक, आरोपी दिलखुश पुत्र बाबूलाल मीणा, उम्र 26 वर्ष, निवासी कुराड़िया, थाना जहाजपुर के खिलाफ नाबालिग पीड़िता की माता ने 4 सितंबर 2025 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने बलात्कार सहित पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। मामले में एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी पहले ही की जा चुकी थी, जबकि दिलखुश फरार चल रहा था।
फाइनेंस कर्मी बनकर पहुंची पुलिस टीम
पुलिस के अनुसार फरार आरोपी अपने ठिकाने बदलता रहता था और मोबाइल फोन का इस्तेमाल भी नहीं करता था। वह बूंदी, कोटा और झालावाड़ की तरफ ट्रक ड्राइविंग करने चला गया था। ऐसे में पुलिस के सामने आरोपी तक पहुंचना चुनौती बना हुआ था।
मुखबिर से मिली सूचना और लगातार किए गए प्रयासों के बाद पुलिस टीम को आरोपी के अजमेर-दौसा क्षेत्र की तरफ ट्रक चलाने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने उसके संभावित ठिकाने की जानकारी जुटाई। आरोपी की पहचान सुनिश्चित करने के बाद टीम के सदस्यों ने फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी बनकर उससे संपर्क किया और उसे विश्वास में लेकर पकड़ लिया।
आरोपी को 26 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर अनुसंधान के लिए पुलिस थाने लाया गया। पुलिस के अनुसार पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की गई।
सात सदस्यीय टीम ने निभाई अहम भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी दयाराम चौधरी, पुलिसकर्मी काशीराम, भगवान, मंगल सिंह, राधेश्याम और विक्रम सहित पुलिस टीम शामिल रही। पुलिस ने बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी में टीम ने लगातार सूचना तंत्र विकसित कर तकनीकी एवं मैदानी स्तर पर प्रयास किए।
पुलिस का कहना है कि महिला अत्याचार से जुड़े मामलों में वांछित आरोपियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।