रेगर समाज के लिए की ₹71,000 की घोषणा
दिनेश साहू आसींद
आसींद (भीलवाड़ा)।स्मार्ट हलचल।आसींद विधानसभा क्षेत्र के शंभूगढ़ गांव में शिक्षा के प्रसार और युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए एक सराहनीय पहल की गई है। कस्बे के युवा भामाशाह रोहित तेली के सहयोग से गांव में एक आधुनिक लाइब्रेरी का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए उन्होंने ₹71,000 की आर्थिक सहायता राशि देने की घोषणा की है।
शुक्रवार को शंभूगढ़ गांव में आयोजित चार चौंकला रेगर समाज सुधार समिति’ के प्रतिभावान छात्र-छात्रा सम्मान समारोह के दौरान की गई। समारोह में ग्रामीणों और समाज के प्रबुद्ध जनों की उपस्थिति में रोहित तेली ने गांव के बच्चों के पढ़ने तथा उत्तम करियर बनाने की सोच को साकार करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर भामाशाह रोहित तेली ने बताया:
“यह लाइब्रेरी ग्रामीण क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए नए आयाम स्थापित करेगी। लाइब्रेरी के माध्यम से क्षेत्र में पढ़ाई का एक बेहतरीन माहौल बनेगा। इससे सबसे बड़ा फायदा उन ग्रामीण युवाओं को होगा, जो संसाधनों के अभाव में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी नहीं कर पाते हैं। अब वे गांव में ही रहकर एकाग्रता से पढ़ाई कर सकेंगे।”
रोहित तेली के इस अनुकरणीय योगदान की समाज के हर वर्ग ने सराहना की है। ग्रामीणों का कहना है कि यह योगदान शिक्षा को बढ़ावा देगा और युवा पीढ़ी को ज्ञान की रोशनी से जोड़ेगा। समाज के हर वर्ग, खासकर छात्रों के लिए यह लाइब्रेरी विकास का एक नया द्वार खोलेगी।
उनकी इस दूरदर्शिता और समाजसेवा की भावना के लिए रेगर समाज शंभूगढ़ एवं समस्त ग्रामवासियों की ओर से रोहित तेली का हार्दिक आभार व धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
